नई दिल्ली। देशभर में मंगलवार सुबह IRCTC की वेबसाइट ठप होने की खबरें फैलीं तो छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों की चिंता बढ़ गई। टिकट बुक करने बैठे कई लोगों को लॉगिन में दिक्कत आई। अब IRCTC ने सफाई दी है कि ऑनलाइन रिजर्वेशन पोर्टल पूरी तरह चल रहा था। उसके मुताबिक वेबसाइट बंद नहीं हुई, बस ट्रैफिक ज्यादा होने से रफ्तार पर असर पड़ा।
सुबह क्यों आई लॉगिन में दिक्कत
छठ में अब कम दिन बचे हैं। जो लोग त्योहार से एक दो दिन पहले घर पहुंचना चाहते हैं, वे इन दिनों टिकट बुक कर रहे हैं। इसके लिए बड़ी संख्या में लोग IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप खोल रहे हैं। IRCTC का कहना है कि सुबह एक साथ बहुत सारे लोगों ने लॉगिन करने की कोशिश की। इसी वजह से स्पीड घटी और यात्रियों को अकाउंट लॉगिन करने में कुछ देर इंतजार करना पड़ा।
दीवाली के बाद बढ़ा दबाव
दीवाली को अभी दो ही दिन हुए हैं और छठ भी करीब है। ऐसे बड़े त्योहारों में टिकट की मांग अचानक कई गुना बढ़ जाती है। एक ही वक्त पर हजारों लोग पोर्टल पर पहुंचते हैं तो वेबसाइट और ऐप पर ट्रैफिक का बोझ बढ़ना तय है। इस बार भी रोज बड़ी संख्या में लोग छठ के लिए टिकट बुक कर रहे हैं।
अब बुकिंग सामान्य, सुधार पर काम जारी
IRCTC के अनुसार सुबह की परेशानी अस्थायी थी। अब वेबसाइट और मोबाइल ऐप समेत सभी माध्यमों से टिकट बुकिंग सामान्य तरीके से हो रही है। यात्री पहले की तरह ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। IRCTC ने यह भी कहा कि बेहतर बुकिंग अनुभव के लिए लगातार काम चल रहा है। तकनीकी सुविधाएं अपग्रेड की जा रही हैं और पोर्टल का इंफ्रास्ट्रक्चर भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि भारी भीड़ के वक्त यात्रियों को दिक्कत न हो।