बांग्लादेश में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने की दिशा में हाईकोर्ट ने अहम आदेश दिया है, अदालत ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे नाबालिगों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पहुंचने से रोकने के लिए अनिवार्य अंतरिम दिशानिर्देश तैयार करें। इसके साथ ही बच्चों पर सोशल मीडिया के असर की जांच के लिए स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति बनाने को कहा है ।यह आदेश 22 नवंबर 2026 को बांग्लादेश सुप्रीम कोर्ट के हाईकोर्ट विभाग की न्यायमूर्ति सिकदर महमूदुर रज़ी और न्यायमूर्ति फातिमा अनवर की पीठ ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया।
विशेषज्ञ समिति में कौन-कौन होगा?
अदालत ने समिति में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, बाल मनोवैज्ञानिकों, बाल रोग विशेषज्ञों और कानूनी जानकारों को शामिल करने का निर्देश दिया है ।समिति यह जांच करेगी कि सोशल मीडिया पर एल्गोरिदम के जरिए दिखाई जाने वाली सामग्री बच्चों की सोच, व्यवहार और मानसिक विकास को किस तरह प्रभावित करती है ।डाक एवं दूरसंचार विभाग, महिला एवं बाल मामलों के मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और कानून मंत्रालय के सचिवों के साथ बांग्लादेश दूरसंचार नियामक आयोग (BTRC) के अध्यक्ष को भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं ।
चार सप्ताह में देना होगा जवाब
यह याचिका सुप्रीम कोर्ट के वकील मोहम्मद फैसल दस्तगीर ने दायर की थी, इसमें सरकार की ओर से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय नीति नहीं बनाने पर सवाल उठाया गया था। अदालत ने संबंधित अधिकारियों से यह भी पूछा है कि ऐसी नीति नहीं बनाने की उनकी नाकामी को गैरकानूनी क्यों न माना जाए। इसके लिए उन्हें चार सप्ताह का समय दिया गया है।
याचिका में बच्चों के स्क्रीन टाइम से जुड़ी एक रिसर्च का भी हवाला दिया गया। इसके मुताबिक, ढाका में 83 प्रतिशत बच्चे रोजाना औसतन 4.6 घंटे मोबाइल, टीवी, टैबलेट और कंप्यूटर जैसी डिजिटल स्क्रीन पर बिताते हैं । अध्ययन में एक तिहाई से अधिक बच्चों में आंखों से जुड़ी परेशानी और करीब 80 प्रतिशत बच्चों में बार-बार सिरदर्द की शिकायत सामने आई।