जबलपुर: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर में आयोजित जनजाति गौरव सप्ताह कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम में उन्होंने बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि देश उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा । इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जबलपुर को 133 करोड़ रुपये की लागत के पांच विकास कार्यों की सौगात दी । साथ ही जनजातीय धर्मगुरुओं, समाजसेवियों और अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
बिरसा मुंडा ने स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा का संदेश दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने छोटे से जीवन में देश, समाज, संस्कृति और स्वाभिमान के लिए बड़ा संघर्ष किया, उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ आंदोलन शुरू किया और जनजातीय समाज को अपनी पहचान और परंपराओं की रक्षा के लिए एकजुट किया । उनके बलिदान से फैला प्रकाश आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय नायकों के योगदान और उनकी विरासत को सम्मान देने का काम किया जा रहा है । रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह, टंट्या मामा और भीमा नायक जैसे वीरों का संघर्ष देश के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में 43 जनजातियां रहती हैं, सरकार की प्राथमिकता जनजातीय क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है । इन क्षेत्रों के लोगों को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा से भी जोड़ा जाएगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जबलपुर में राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। जबकि खरगोन में टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय खोला गया है । कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभ वितरित किए गए, मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन विकासखंड स्तर पर भी उत्साह के साथ करने की अपील की।