छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर नई नियुक्तियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश के 17 जिलों में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्षों की पहली सूची जारी की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मंजूरी के बाद रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा समेत कई जिलों में महिला नेताओं को संगठन की कमान सौंपी गई है।
इस नियुक्ति के जरिए कांग्रेस ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की तैयारी की है। पहली सूची में कई जिलों को शहर और ग्रामीण इकाइयों में बांटकर अलग-अलग अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में किसे मिली जिम्मेदारी?
जारी सूची में रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे प्रमुख जिलों में नियुक्तियां की गई हैं। रायपुर शहर की जिलाध्यक्ष प्रगति बाजपेयी और रायपुर ग्रामीण की अध्यक्ष बरखा साहू बनाई गई हैं.बिलासपुर शहर में प्रीति पटनवार को जिम्मेदारी मिली है, जबकि बिलासपुर ग्रामीण की कमान सीमा पांडे को सौंपी गई है। दुर्ग शहर में प्रेमलता साहू और दुर्ग ग्रामीण में योगिता चंद्राकर को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिला कांग्रेस की गतिविधियों को अलग-अलग नेतृत्व के तहत संचालित करने का फैसला लिया है।
इन जिलों में भी घोषित किए गए जिलाध्यक्ष
पहली सूची में दूसरे जिलों के नाम भी शामिल हैं। सरगुजा में अनीमा केरकेट्टा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सूरजपुर शहर की जिम्मेदारी लिली राजवाड़े और ग्रामीण क्षेत्र की कमान बबीता गुप्ता को सौंपी गई है.इसके अलावा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में आरती महोबिया, गरियाबंद में मंजू ध्रुव और बलौदाबाजार-भाटापारा में ललिता यादव को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर शहर से रूमा चटर्जी, कबीरधाम से अन्नपूर्णा चंद्राकर, रायगढ़ से संगीता गुप्ता, रिसाली (भिलाई नगर) से शशि सिन्हा और मुंगेली से उर्मिला यादव को नई जिम्मेदारी दी गई है।

संगठन विस्तार पर महिला कांग्रेस का फोकस
महिला कांग्रेस की इस पहली सूची के साथ प्रदेश में संगठनात्मक नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। जिला स्तर पर नए नेतृत्व को जिम्मेदारी मिलने से पार्टी की गतिविधियों, महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को गति देने की रणनीति है.अब संगठन की अगली नियुक्तियों और जिलों में नए अध्यक्षों की सक्रियता पर नजर रहेगी।