वृंदावन और मथुरा घूमने निकले एक परिवार के लिए सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि सभी मध्य प्रदेश के भिंड जिले से वृंदावन दर्शन करने आए थे। सुबह-सुबह हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
खड़े ट्रक में पीछे से घुसी कार
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह मथुरा के थाना जैत क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर राम धर्म कांटा के पास हुआ। मध्य प्रदेश के भिंड निवासी देवाशीष अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ घूमने आए थे। सभी लोग कार से बरसाना से रमणरेती की ओर जा रहे थे.इसी दौरान उनकी स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। ट्रक ग्वालियर से डस्ट लेकर आ रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
दो बच्चों और दो महिलाओं की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का इलाज जारी है.मृतकों की पहचान 4 वर्षीय रुद्र, 10 वर्षीय कान्हा, 32 वर्षीय रूबी और 30 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है। वहीं, आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल बताए जा रहे हैं।
मध्य प्रदेश के भिंड से दर्शन करने आया था परिवार
पुलिस के मुताबिक, कार में कुल 9 लोग सवार थे। सभी मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। परिवार मथुरा और वृंदावन में धार्मिक स्थलों के दर्शन और घूमने के लिए आया था.हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।