इस दिवाली पर खरगे ने बधाई दी, लेकिन उसकी तुलना ईद से करते हुए। जाहिर है, यह बात कुछ हिंदुओं को हजम नहीं हुई, लेकिन बहुतायत में उत्सव के उल्लास में डूबे हिंदुओं ने इसके मायने नहीं सोचे। दरअसल, कांग्रेस पिछले 13 सालों से विफल हो रही है। आत्ममंथन, आत्मशुद्धि और रणनीति, सब नाकाम सिद्ध हो रही हैं। ऐसे में उसके पीछे खड़े आंकड़ा विश्लेषकों ने संभवतः कोई नया चुनावी समीकरण सुझाया है। इस समीकरण से सरकार के लिए बहुमत लाना संभव नहीं है, लेकिन किसी दूसरे का बहुमत बिगाड़ना संभव है। जैसा कि 2024 में हुआ।1984 के बाद से चली आ रही मिली-जुली सरकारों के दौर का जो अंत 2014 से 2024 तक रहा, वह फिर से आरंभ हो चुका है। ऐसे में कांग्रेस का राजनीतिक दृष्टिकोण स्पष्ट है।
ये समीकरण आखिर है क्या?
खरगे के मौजूदा बयान और बीते एक साल की सारी गतिविधियों को देखें तो कांग्रेस मुसलमानों का इस्तेमाल मजबूत सरकार बनाने में नहीं, बल्कि मजबूत सरकार बनने से रोकने में कर रही है। उसका लक्ष्य स्पष्ट है—मुस्लिम मतदाताओं को एकतरफा कांग्रेस के पक्ष में लाना। आंकड़े कहते हैं कि हिंदू ध्रुवीकरण के बावजूद मुस्लिम ध्रुवीकरण मजबूत सरकार बनने से रोक सकता है।
क्या कुछ आंकड़े भी हैं?
भारत की आबादी 146 करोड़ है। इसमें मुसलमान 21 करोड़ हैं। भारत में 2024 के मुताबिक मतदाता 97 करोड़ हैं, जो मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद घट-बढ़कर लगभग 90 करोड़ होंगे। मुस्लिम मतदाता 16 करोड़ हैं। 2024 के हिसाब से मतदान का औसत 66 प्रतिशत है। इस हिसाब से 64 करोड़ मतदाता मतदान में शामिल हुए। चूंकि मुस्लिम आबादी 21 करोड़ है और इनका औसत मतदान प्रतिशत 68 है। यानी 21 करोड़ में से 14 करोड़ मतदाता। 64 करोड़ में से 14 करोड़ मतदाताओं का एक साथ मतदान करना बड़ी ताकत बन जाता है।
सीएसडीएस के मुताबिक, 2024 के चुनावों में 38 प्रतिशत मुसलमानों ने कांग्रेस को वोट दिया, जबकि विपक्षी गठबंधन के बाकी दलों को 26 प्रतिशत वोट मिले। इस लिहाज से कुल 64 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता विपक्षी गठबंधन के साथ हैं। इसके ठीक उलट भाजपा को 7 प्रतिशत और राजग के दूसरे सहयोगियों को 2 प्रतिशत मुसलमानों ने वोट दिया। 27 प्रतिशत मुस्लिम ऐसे हैं, जो किसी एक पक्ष के साथ नहीं हैं।
कांग्रेस चाहती है कि उसके 38 प्रतिशत यानी साढ़े 5 करोड़ मुस्लिम मतदाता फिर उसके साथ आएं और खाली पड़े 27 प्रतिशत यानी 4 करोड़ मुस्लिम मतदाता कांग्रेस के पक्ष में आएं। इसके अलावा विपक्षी गठबंधन के सहयोगियों के जरिए उसे जो 26 प्रतिशत यानी साढ़े 4 करोड़ मुस्लिम वोट मिल जाते हैं, तो कांग्रेस भारत की संसद में 16 करोड़ मुस्लिम मतदाताओं में से साढ़े 13 करोड़ मतदाताओं के समर्थन के साथ अपने कुल मतदान प्रतिशत में सुधार कर सकती है।
वर्ष 2024 में कांग्रेस को कुल 13 करोड़ 67 लाख वोट यानी 21 प्रतिशत और भाजपा को 23 करोड़ 59 लाख यानी 36 प्रतिशत वोट मिले थे।
तो सीटों का क्या हिसाब है?
सीएसडीएस, कार्नेगी एंडोमेंट और शोध पत्रिकाओं के मुताबिक, भारत में 65 सीटों पर मुस्लिम आबादी 25 प्रतिशत के पार है, जबकि 14 सीटें ऐसी हैं, जहां यह 50 प्रतिशत तक है। जहां 50 प्रतिशत है, वहां एक भी सीट भाजपा की नहीं है। जहां 25 प्रतिशत है, वहां भाजपा के पास 20 सीटें हैं, क्योंकि ध्रुवीकरण आसान हुआ।
भारत में एकमुश्त मुसलमानों की मतदान ताकत 150 लोकसभा सीटों की है। इसका आधार वर्ष 1999 से लेकर 2024 तक के मुस्लिम मतदान के रुझान को देखकर समझा जा सकता है। 1998, 1999 और 2004 में भाजपा का प्रभुत्व खत्म करने के लिए भारत का मुसलमान मतदान के लिए तेजी से निकला था। यही हाल 2024 में भी दिखा। यह 2029 में और अधिक प्रबलता से होने जा रहा है। 1998, 1999 और 2004 में 59 प्रतिशत मतदान करने वाला मुसलमान 67 प्रतिशत तक पहुंच गया था। 2024 में यह लगभग 60 प्रतिशत था। इसके 2029 में बढ़कर 80 प्रतिशत पर जाने का अनुमान है।
ये फॉर्मूला सीटों में कैसे बदलेगा?
कांग्रेस को वर्ष 2024 में मिले 13 करोड़ 67 लाख वोटों में से मुस्लिम वोट साढ़े 5 करोड़ थे। 8 करोड़ गैर-मुस्लिम वोट हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, नीट जैसे घर-घर से जुड़े मसलों पर भाजपा घिरी हुई है। सामाजिक माध्यमों पर हिंदू जातियों का विभाजन भी देखा जा सकता है। ऐसे में भाजपा को मिले 23 करोड़ वोटों में 22 करोड़ गैर-मुस्लिम वोट हैं।
इस समीकरण से कांग्रेस जहां अपने साढ़े 5 करोड़ मूल मुस्लिम मतदाताओं को बढ़ाने की नीति पर काम कर रही है, वहीं भाजपा के मूल 22 करोड़ गैर-मुस्लिम मतदाताओं को बारीक जातीय संघर्षवादी विषयों के जरिए बिखेरने का भी काम कर रही है। यानी एक तरफ अपने वोटों को एकजुट करने का समीकरण है, तो दूसरी तरफ प्रतिद्वंद्वी के वोटों को एकजुट होने से रोकने का प्रयास है।
इस समीकरण से कांग्रेस अपना 99 का आंकड़ा पार कर 200 तक पहुंच सकती है। भारत में किसी एक दल को इतनी ही सीटें चाहिए हैं, जिससे किसी दूसरे दल को अकेले बहुमत हासिल करने से रोका जा सके। इससे कांग्रेस को देश में तो फायदा होगा, लेकिन प्रदेशों से उसका सफाया हो जाएगा।
क्या कांग्रेस ऐसा कर पाएगी?
कांग्रेस कर पाएगी या नहीं, यह भविष्य बताएगा, किंतु वह ऐसा कर सकती है, यह जरूर समझ आ रहा है। यह कांग्रेस की रणनीति है, लेकिन भाजपा भी मौन नहीं बैठी होगी। भाजपा की रणनीति पर अलग से बात करेंगे।

(लेखक राजनीतिक विश्लेषक हैं।)