सत्ता विरोधी भावना से आप भी इनकार नहीं कर सकती, लेकिन उसके चुनावी असर के आकलन का कोई विश्वसनीय पैमाना नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सत्तारूढ़ हुई आप ने 42 प्रतिशत से भी ज्यादा मत प्रतिशत के साथ 117 में से 92 सीटें जीती थीं और कांग्रेस ने लगभग 23 प्रतिशत मतों के साथ 18 सीटें। 18 प्रतिशत से कुछ ज्यादा मतों के साथ शिरोमणि अकाली दल तीन सीटें जीतने में सफल रहा था, जबकि साढ़े छह प्रतिशत मतों के साथ भाजपा दो सीटें ही जीत पाई थी। ऐसे में कांग्रेस की सुस्ती और भाजपा की चुस्ती चौंकाती तो है।
पंजाब में विधानसभा चुनावों का बिगुल चुनाव आयोग ने तो अभी नहीं बजाया है, लेकिन दावेदारों के बीच सत्ता की दौड़ शुरू हो चुकी है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी चार नवंबर को पंजाब हो आए। उससे पहले उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक भी की। एसआईआर के जरिये कथित वोट चोरी पर केंद्र सरकार और भाजपा से घमासान में उलझे राहुल गांधी की पंजाब में अनुपस्थिति पर सवाल इसलिए भी उठ रहे थे, क्योंकि कांग्रेस वहां मुख्य विपक्षी दल है और सत्ता की प्रबल दावेदार भी। आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के विरुद्ध सत्ता विरोधी भावना के मद्देनजर मुख्य विपक्षी दल के शीर्ष नेता की पंजाब से दूरी बहस का विषय बनी हुई थी।
इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी पंजाब हो आए। भाजपा के चुनावी चाणक्य माने जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तो महीने भर के अंदर दो बार पंजाब हो आए और तीसरी बार आने की तैयारी है। पंजाब में चौथे नंबर की पार्टी भाजपा की ऐसी सक्रियता के मद्देनजर राहुल गांधी की अनुपस्थिति ज्यादा चौंकाने वाली लग रही थी, लेकिन उसके कारण भी थे।
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की गुटबाजी के मद्देनजर पंजाब यात्रा का राजनीतिक जोखिम राहुल गांधी नहीं उठाना चाहते थे। इसीलिए तत्कालीन प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग द्वारा बनाई गई योजना के मुताबिक राहुल सितंबर में पंजाब नहीं गए। कांग्रेस ने पहले भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को प्रदेश प्रभारी बनाया और फिर उनकी रिपोर्ट के बाद देश के पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया। तब चार नवंबर को राहुल गांधी पंजाब गए और उम्मीद के मुताबिक नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा निशाना साधा, जिसका जवाब आप ने 1984 के सिख विरोधी दंगों की याद दिलाकर दिया।
नशे की बिक्री के विरुद्ध अभियान में जान गंवाने वाले परमिंदर झोटा के परिवार से वह नहीं मिल पाए। झोटा के पिता ने ही सार्वजनिक रूप से कह दिया कि इंदिरा गांधी के परिवार का कोई सदस्य उनके घर न आए। मानसा में परमिंदर झोटा की पिछले दिनों एक नशा विक्रेता केमिस्ट ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी। अमित शाह झोटा समेत नशे के मामले में जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिजनों से मिल चुके हैं। भाजपा पंजाब में नशे को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाना चाहती है। चर्चा है कि भाजपा नहीं चाहती थी कि झोटा के परिवार से राहुल मिल पाएं।
ध्यान रहे कि भाजपा ने कांग्रेस द्वारा एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी के विरुद्ध आयोजित रैली की भी सिख दंगों की याद दिलाते हुए आलोचना की थी। फिर भी रैली हुई और उसमें विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के सभी प्रमुख नेता आए। रैली के विरोध में भाजपा ने देश भर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च भी निकाले।
सत्ता विरोधी भावना से आप भी इनकार नहीं कर सकती, लेकिन उसके चुनावी असर के आकलन का कोई विश्वसनीय पैमाना नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सत्तारूढ़ हुई आप ने 42 प्रतिशत से भी ज्यादा मत प्रतिशत के साथ 117 में से 92 सीटें जीती थीं और कांग्रेस ने लगभग 23 प्रतिशत मतों के साथ 18 सीटें। 18 प्रतिशत से कुछ ज्यादा मतों के साथ शिरोमणि अकाली दल तीन सीटें जीतने में सफल रहा था, जबकि साढ़े छह प्रतिशत मतों के साथ भाजपा दो सीटें ही जीत पाई थी। ऐसे में कांग्रेस की सुस्ती और भाजपा की चुस्ती चौंकाती तो है।
सत्ता विरोधी भावना है तो आप का मत प्रतिशत और सीटें घटेंगी भी, पर कितनी? नशे और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के चुनावी वायदों पर भगवंत मान सरकार खरी नहीं उतरी, पर मुफ्त चुनावी रेवड़ियों के वायदों पर तो उसने अमल किया है। आखिरी साल में ही सही, महिलाओं को हर महीने एक से डेढ़ हजार रुपये मिलने शुरू हो गए हैं। सभी पात्र महिलाओं को हजार रुपये महीना मिलते हैं, जबकि अनुसूचित जाति की महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये। अनुभव बताता है कि मुफ्त की रेवड़ियां व्यर्थ नहीं जातीं। इसलिए सत्ता विरोधी भावना की हवा में आप पूरी तरह तो नहीं उड़ने वाली।
तब आप का ग्राफ कितना गिर सकता है? तटस्थ राजनीतिक प्रेक्षक दो बातों पर सहमत हैं। पहली, आधी होकर भी आप सत्ता की दौड़ में रह सकती है। दूसरी, आप का ग्राफ गिरने का सर्वाधिक स्वाभाविक लाभ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को मिल सकता है। तब भाजपा की आक्रामकता और अति आत्मविश्वास का क्या कारण है?
दरअसल, 'एक बार, भाजपा सरकार' का मौका मांगने वाले नेताओं को लगता है कि नशा सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बन गया तो सीमित परंपरागत जनाधार के बावजूद उसे जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर व्यापक जन समर्थन मिल सकता है। लेकिन नशा तस्करी के आरोप झेलती रही शिरोमणि अकाली दल की सरकारों में भाजपा भी जूनियर पार्टनर रही है। इसीलिए भी भाजपा अभी तक अकाली दल से चुनावी गठबंधन के मुद्दे पर खुलकर नहीं बोल रही।प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया समेत ज्यादातर भाजपा नेता सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कहते रहे हैं, लेकिन अपने दूसरे दौरे में एनडीए सरकार बनने की बात कहकर अमित शाह ने गठबंधन का संकेत दे दिया है। अब बहस का विषय यह है कि कब, कैसे और किससे?
पहले आप के सात राज्यसभा सांसद और फिर तीन विधायक तोड़ने से साफ है कि नेता जुटाकर भाजपा गठबंधन में बेहतर सौदेबाजी की स्थिति चाहती है। विवादास्पद कृषि कानूनों के मुद्दे पर सबसे पुराने दोस्त से दोस्ती टूटने से पहले अकाली दल के साथ भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती रही थी। उस आधार पर तो गठबंधन अब नहीं ही होगा, पर भाजपा को बड़ा भाई भी अकाली दल शायद ही स्वीकार करे। आखिर पिछले विधानसभा चुनाव में उसे लगभग तीन गुना मत मिले थे।
गठबंधन में सौदेबाजी की ताकत बढ़ाने के लिए सुखबीर सिंह बादल भी विभाजित अकाली गुटों के एकीकरण की कोशिश कर रहे हैं। अकाली दल और भाजपा में सीटों का बंटवारा लगभग बराबरी का हो सकता है, पर क्या उस गठबंधन से चुनावी समीकरण पलट जाएगा? इसकी कोई गारंटी नहीं कि तीसरे और चौथे नंबर के दल गठबंधन कर सत्ता में आ ही जाएंगे, लेकिन मुख्यतः त्रिकोणीय मुकाबले में अप्रत्याशित परिणाम की संभावना बढ़ जाएगी।
भाजपा की इसी चमत्कारिक क्षमता से विपक्ष डरता है। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले जीत की संभावना भांपकर बड़ी संख्या में कांग्रेसी और अकाली नेताओं ने आप का दामन थामा था। आगामी चुनाव से पहले उनमें से कई वापस लौट सकते हैं। क्या पंजाब अप्रत्याशित चुनाव परिणाम या चुनाव के बाद चौंकाने वाले गठबंधन की ओर बढ़ रहा है? सही जवाब के लिए तो चुनाव परिणाम का ही इंतजार करना पड़ेगा।

राजकुमार सिंह
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं।)