Nabanna Abhiyan: कोलकाता में आज भी प्रदर्शन जारी, भाजपा के बंद का किया आवाहन, ट्रेन भी रोकी

Update: 2024-08-28 01:56 GMT

Nabanna Abhiyan : पश्चिम बंगाल। कोलकाता में बुधवार को भी प्रदर्शन जिसे नबन्ना अभियान मार्च कहा जा रहा है, जारी। है छात्र सडकों पर उतर कर सीएम ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं वहीं भाजपा ने बंद ऐलान कर दिया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल उत्तर - 24 परगना में ट्रेन भी रोकी गई है।

जानकारी के अनुसार उत्तर 24 परगना में भाजपा विधायक अशोक कीर्तनिया और उनके समर्थकों ने ट्रेन रोकी है। ट्रेन रोककर भाजपा विधायक और उनके समर्थक ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए। इधर कूचबिहार में दो भाजपा विधायकों को पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि, दोनों जबरदस्ती बाजार बंद कराने की कोशिश कर रहे थे।

सरकार महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में असमर्थ :

भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने राज्य सरकार के विरोध में भाजपा द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के 'बंगाल बंद' की समीक्षा की। अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "वे घृणित रवैये के साथ घूम रहे हैं। वे सभी रीढ़विहीन हो गए हैं। पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को अमान्य कर दिया है... उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर केमिकल मिले पानी की बौछारें कीं... वे (टीएमसी सरकार) राज्य की महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में असमर्थ हैं और जब महिलाएं विरोध करती हैं, तो उन्हें तितर-बितर करने के लिए बल का प्रयोग करते हैं। हम विरोध करना जारी रखेंगे।"

नबन्ना अभियान रैली के आयोजक सयान लाहिड़ी अरेस्ट :

एक ओर भाजपा ने बंद का आवाहन किया है वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल पुलिस का एक्शन जारी है। जानकारी सामने आई है कि, पश्चिम बंगाल पुलिस ने नबन्ना अभियान रैली के आयोजक सयान लाहिड़ी को अरेस्ट कर लिया है। चर्चा है कि, नबन्ना अभियान रैली से पहले सयान लाहिड़ी ने किसी नेता से मीटिंग की थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

भाजपा कार्यकर्ता भी हिरासत में :

अलीपुरद्वार में प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। यहां भाजपा कार्यकर्ता बस रोककर सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। बीते दिनों नबान्न अभियान के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे गए थे। इसके कारण ममता सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए भाजपा ने 12 घंटे का 'बंगाल बंद' बुलाया है।

सीएम बनर्जी इस्तीफा दें :

पश्चिम बंगाल में आज भाजपा के 12 घंटे के बंद पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा, "पश्चिम बंगाल में भाजपा ने आज (बुधवार) बंगाल बंद की घोषणा की है, जिसमें आंदोलनकारियों के खिलाफ किए गए अत्याचारों का विरोध किया जाएगा। पश्चिम बंगाल में न्याय की लहर चल रही है। मुझे लगता है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और कोलकाता कमिश्नर को इस्तीफा दे देना चाहिए..."

निर्दयी टीएमसी सरकार :

सीआर केसवन ने कहा, "निर्दयी ममता सरकार द्वारा की गई क्रूर तबाही न केवल प्रतिशोधी है, बल्कि अमानवीय भी है। निर्दयी टीएमसी सरकार ने कल न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हमारे युवाओं और छात्रों को बेरहमी से कुचलने और उनका गला घोंटने का प्रयास किया। हमारे छात्रों द्वारा किए गए शांतिपूर्ण विरोध और मार्च के खिलाफ पुलिस की बर्बरता के जो दृश्य सामने आए, वे भयावह थे।"

भाजपा ने आरोप लगाया कि, 'पश्चिम बंगाल पुलिस ने रेलवे स्टेशनों पर छात्रों पर पानी की बौछारें कीं, आंसू गैस के गोले छोड़े और हॉकी स्टिक से पिटाई की। इतना ही नहीं, कोलकाता पुलिस ने महिलाओं और बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी बदसलूकी की।'

Tags:    

Similar News