Sanjauli Masjid: संजौली मस्जिद विवाद में नया मोड़, मुस्लिम पक्ष ने कहा हम स्वयं हटाएंगे अवैध निर्माण

Update: 2024-09-12 09:21 GMT

Sanjauli Masjid

Sanjauli Masjid : हिमाचल प्रदेश के शिमला में संजौली मस्जिद विवाद लम्बे समय से सुर्ख़ियों में है। अब इसे लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। संजौली मस्जिद विवाद पर मुस्लिम पक्षकारों ने शिमला नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जिसमें उन्होंने कहा कि, मस्जिद के अवैध हिस्से को सील कर दिया जाए साथ ही अवैध हिस्से को चिन्हित भी किया जाए। इसके बाद वे स्वयं अवैध हिस्सा हटा लेंगे।

शिमला की जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती मोहम्मद शफी कासमी ने कहा कि, "हमने ज्ञापन में कहा है कि इस सीमावर्ती राज्य में इस क्षेत्र में (समुदायों के बीच) भाईचारे की बहुत जरूरत है। हम हमेशा यहां सद्भावना के साथ रहते आए हैं, इसलिए इसे बनाए रखने के लिए...अगर मस्जिद का कोई हिस्सा अवैध है, तो हमें बताएं और हम उसे खुद हटाने के लिए तैयार हैं।"

शिमला के नगर आयुक्त भूपेंद्र कुमार अत्री ने बताया कि, "संजौली मस्जिद के अध्यक्ष और मौलवी 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मुझसे मिले और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अपने क्षेत्र में शांति और सद्भाव बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि, उनका क्षेत्र शांतिपूर्ण है और विभिन्न समुदायों के बीच भाईचारा रहा है। इसलिए, उन्होंने अनुरोध किया है कि नगर निगम इमारत के उस हिस्से को सील कर दे, जिसे अवैध बताया जा रहा है...उन्होंने यह भी कहा कि अगर उस हिस्से को हटाने का फैसला आता है, तो वे ऐसा करने के लिए भी तैयार हैं।"

संजौली मस्जिद के इमाम शैज़ाद आलम ने कहा कि, "हमने यह आवेदन इसलिए दिया क्योंकि... हिमाचल प्रदेश के सभी लोग दशकों से सद्भावना के साथ रह रहे हैं। हम भविष्य में भी सद्भावना और प्रेम से रहना चाहते हैं। इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। इसलिए हमने यह आवेदन दिया कि हम खुद ही उस हिस्से को तोड़ देंगे। हम ऐसा किसी दबाव में नहीं कर रहे हैं, हम पर केवल दबाव है कि सद्भावना बनाए रखें।"

Tags:    

Similar News