“मानवता की सेवा ही 'रेडक्रास' का ध्येय” - रामेंद्र सिंह: 24 घंटे सक्रिय रहता है ब्लड बैंक, 45 चिकित्सक दे रहे हैं सेवाएं…

Update: 2025-03-11 13:46 GMT

भोपाल। मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता और सार्वभौमिकता के मौलिक सिद्धांतों पर कार्य करने वाली रेडक्रास सोसायटी, बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। रेडक्रॉस एक ऐसा संगठन है जो मानवता की सेवा के लिये हमेशा तत्पर रहता है।

रेडक्रास के मुख्य उद्देश्य आपदाओं के समय मदद करना और समाज के कमजोर वर्गों के लिए सहायता करना है। यह बात रेडक्रास सोसायटी मध्यप्रदेश के जनरल सेक्रेटरी श्री रामेन्द्र सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि रेडक्रास का कार्य पूरी तरह से मानव सेवा और जनहित से जुड़ा हुआ है और रेडक्रास बिना किसी भेदभाव के सेवा कार्य करता है। हमारा लक्ष्य मानवता की सेवा करना है।

रेडक्रास की कार्यप्रणाली निष्पक्ष है

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हाल ही में, कुछ लोगों द्वारा रेडक्रास की कार्यप्रणाली पर संदेह व्यक्त किया गया था, जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि रेडक्रास ब्लड बैंक में समय पर रक्त उपलब्ध नहीं कराया जाता। इस आरोप को खारिज करते हुए श्री सिंह ने कहा कि रेडक्रास की कार्यप्रणाली निष्पक्ष है। हमारा कार्य जरूरतमंद को सहयोग प्रदान करना है जिसे हम पूर्ण निष्ठा के साथ कर रहे हैं।

श्री रामेन्द्र सिंह ने यह स्पष्ट किया कि किन्हीं लोगों के द्वारा रेडक्रास के खिलाफ भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है, वह पूरी तरह से गलत और तथ्यहीन है, जिससे रेडक्रास जैसी स्वयंसेवी संस्थाओं की छवि को नुकसान पहुंचता है। रेडक्रास का उद्देश्य केवल और केवल मानवता की सेवा करना है।

बिना भेदभाव के उपलब्ध होता है रक्त

श्री सिंह ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि हमारे लिए मानवता सर्वोपरी है। कौन किस दल से है या किस वर्ग से, यह रेडक्रास की कार्य पद्धति नहीं है। उदाहरण दिया कि हाल ही में एक राजनीति पार्टी के कार्यक्रम के मंच टूटने के कारण कई लोग घायल हो गये थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया एवं रक्त भी रेडक्रास के ब्लड बैंक से दिया गया है जिसमें 6 यूनिट रक्त (पीआरबीसी), 6 यूनिट एफएफपी (प्लाज्मा), और 6 यूनिट आरडीपी (प्लेटलेट्स) उपलब्ध कराया गया। यह उदाहरण दर्शाता है कि रेडक्रास अपने उद्देश्यों के अनुरूप मानवता की सेवा कर जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध करता है।

45 चिकित्सक दे रहे हैं अपनी सेवाएं

श्री सिंह ने यह भी बताया कि रेडक्रास अस्पताल में 45 चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं और प्रतिदिन 350 से 450 मरीजों का इलाज किया जाता है। रेडक्रास ब्लड बैंक 24 घंटे सक्रिय रहता है और लोगों को रक्त उपलब्ध कराता है, जिससे समाज को निरंतर लाभ मिल रहा है। 

Similar News