रूस कराटे वर्ल्ड कप 2025: बिहार की Anushka Abhishek ने रचा इतिहास, भारत के लिए जीत लिया सिल्वर..

Update: 2025-04-07 11:49 GMT
Russia Karate World Cup 2025

Russia Karate World Cup 2025

  • whatsapp icon

Russia Karate World Cup 2025: रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित कराटे विश्व कप 2025 में भारत ने गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बिहार के मुजफ्फरपुर की 13 वर्षीय अनुष्का अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता है।मास्को के विंपेल स्टेडियम में 4 से 8 अप्रैल तक चले इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में अनुष्का ने बेहतरीन खेल से न सिर्फ देश का मान बढ़ाया बल्कि भविष्य की एक चमकती हुई स्टार के रूप में खुद को साबित भी किया।

फाइनल में रूस से मिली कड़ी चुनौती

कराटे वर्ल्ड कप 2025 में अनुष्का अभिषेक ने शुरू से अंत तक दमदार प्रदर्शन किया। पहले राउंड में उन्होंने ताजिकिस्तान की प्रतिभागी को हराया, फिर उज्बेकिस्तान और अर्मेनिया की खिलाड़ियों को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में मॉरिशस की खिलाड़ी को शिकस्त देकर उन्होंने फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल मुकाबले में अनुष्का का सामना मेजबान देश रूस की प्रतिभाशाली खिलाड़ी से हुआ। मुकाबला बेहद कड़ा था, लेकिन अंत में अनुष्का तीन अंकों से पीछे रह गईं। हालांकि, उनके शानदार सफर और रजत पदक ने भारत को गौरव से भर दिया और उनकी प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।

संघर्ष, समर्पण और परिवार का साथ बना सफलता की कुंजी

मुजफ्फरपुर की 13 वर्षीय अनुष्का अभिषेक की कामयाबी के पीछे उनके जुनून, कड़ी मेहनत और परिवार का अटूट समर्थन रहा है। बचपन से ही अनुष्का खेल के प्रति बेहद समर्पित रहीं और पढ़ाई के साथ उन्होंने कराटे को भी बराबर महत्व दिया। उनके माता-पिता ने शुरुआत से ही उन्हें पढ़ाई के साथ खेल में भी आगे बढ़ने की पूरी आज़ादी दी।

इस समर्थन और प्रोत्साहन ने अनुष्का के आत्मविश्वास को मज़बूत किया। अनुष्का अपनी इस उपलब्धि का श्रेय कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव को देती हैं, जिनका मार्गदर्शन उनके पूरे करियर में अहम रहा है। राहुल श्रीवास्तव पहले भी उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सफलता दिलाने में बड़ा योगदान दे चुके हैं।

भारत के कोच को मिला वैश्विक सम्मान

कराटे वर्ल्ड कप-2025 के दौरान न सिर्फ खिलाड़ियों ने भारत का गौरव बढ़ाया बल्कि कोचिंग जगत में भी देश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। भारतीय टीम के मुख्य कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव को उनकी उत्कृष्ट कोचिंग के लिए ‘बेस्ट कोच अवॉर्ड’ से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें वर्ल्ड फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट नारेक मनुक्यान ने प्रदान किया।

यह उपलब्धि न सिर्फ राहुल श्रीवास्तव के व्यक्तिगत करियर के लिए खास है बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का क्षण है। साथ ही वर्ल्ड बॉडी की जनरल एसेंबली में भारत द्वारा दिए गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है, जिसके तहत रास वर्ल्ड जल्द ही कजाकिस्तान और अर्मेनिया में अपनी नई शाखाएं शुरू करेगा। इससे वैश्विक स्तर पर मार्शल आर्ट्स को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

Tags:    

Similar News