Ranji Trophy: 42 बार की चैंपियन मुंबई को विदर्भ ने दी मात, चौथी बार फाइनल में पहुंची टीम

Update: 2025-02-21 11:50 GMT

Mumbai vs Vidarbha Ranji Trophy semifinal: रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में विदर्भ ने 42 बार की चैंपियन मुंबई को 80 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। फाइनल में अब विदर्भ का सामना केरल से होगा, जिसने पहली बार रणजी ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है।

इस तरह विदर्भ ने फ़ाइनल में बनाई जगह 

मुंबई और विदर्भ के बीच खेले गए रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली मुंबई टीम आखिरी दिन शुक्रवार को 325 रन पर सिमट गई। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शार्दुल ठाकुर ने संघर्षपूर्ण 66 रन (124 गेंद) की पारी खेली, लेकिन उनकी फिफ्टी भी टीम को हार से नहीं बचा सकी।

 इस जीत के साथ विदर्भ ने चौथी बार फाइनल में जगह बनाई और पिछली बार मुंबई से मिली फाइनल की हार का बदला भी पूरा कर लिया। पिछले फाइनल में अजिंक्य रहाणे की अगुवाई में मुंबई ने विदर्भ को हराकर 42वीं बार खिताब अपने नाम किया था।

रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में मुंबई ने विदर्भ के खिलाफ आखिरी दिन शुक्रवार को 83/3 के स्कोर से अपनी पारी आगे बढ़ाई, लेकिन जल्द ही झटके लगने लगे। स्कोर में केवल एक रन जुड़ा था कि शिवम दुबे (12) को यश ठाकुर ने पवेलियन भेज दिया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव (23) को हर्ष दुबे ने आउट कर दिया और ओपनर आकाश आनंद (39) भी जल्द ही चलते बने।

वहीं, 124 रन पर छह विकेट गिरने के बाद ऐसा लग रहा था कि मुंबई की पारी जल्द सिमट जाएगी, लेकिन शार्दुल ठाकुर और शम्स मुलानी ने सातवें विकेट के लिए 103 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला। हालांकि, 227 के कुल स्कोर पर मुलानी (46) के आउट होते ही मुंबई फिर दबाव में आ गई।

80 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में बनाई जगह 

शार्दुल ठाकुर ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ संघर्ष जारी रखा, लेकिन 254 के स्कोर पर यश ठाकुर की गेंद पर बोल्ड होकर 66 रन की पारी समाप्त कर बैठे। इसके बाद मुंबई के हाथ से मैच पूरी तरह फिसल गया। तनुष कोटियन (26), मोहित अवस्थी (34) और रॉयस्टन डायस (नाबाद 23) ने उपयोगी पारियां खेलीं, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। विदर्भ ने 80 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। गेंदबाजी में हर्ष दुबे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि यश ठाकुर और पार्थ रेखाडे ने दो-दो विकेट लिए।

अगर पूरे मैच की बात करें तो विदर्भ ने पहली पारी में 383 रन बनाए थे, जिसके जवाब में मुंबई 270 रन पर सिमट गई, जिससे विदर्भ को 113 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में विदर्भ ने 292 रन जोड़कर मुंबई को 406 रन का विशाल लक्ष्य दिया, जिसे हासिल करने में मुंबई नाकाम रही।





Tags:    

Similar News