आज का मौसम: सावधान! होली के दिन बारिश करेगी परेशान, जानिए देश भर में कहां कैसा रहेगा मौसम?
Weather Forecast Today: देश भर में एक बार फिर मौसम बदलेगा। यूपी, बिहार, दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में सर्दी खत्म हो गई है और गर्मी का एहसास होना शुरू हो गया है। सूरज की तपन शरीर से पसीना छुड़ाने के लिए काफी है। इसी बीच होली के दिन यानी 14 मार्च को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होनी की संभावना है। जिसके चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब और राजस्थान में बादल छाएंगे। जिससे बारिश के साथ - साथ ओलावृष्टि भी होगी। आइए जानते हैं देश भर का मौसम...
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग की माने तो इन दिनों दिल्ली NCR में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD के अनुसार राजधानी दिल्ली में 13 मार्च से 15 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, दिल्ली में हवा की गति कम होने से प्रदूषण भी बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में गर्मी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते 13 से 15 मार्च कोअलीगढ़, आगरा, मथुरा, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, बुलंदशहर, हाथरस और बहराइच में बादल छाए रहेंगे और कहीं - कहीं छुटपुट बारिश भी करेंगे। पश्चिमी यूपी में भी मौसम परिवर्तित रहेगा।
हरियाणा और पंजाब में बदलेगा मौसम
पंजाब और हरियाणा में आने वाले कल यानी 12 मार्च को भी हल्की बारिश हो सकती है। उसके बाद 13 से 15 मार्च के बीच बारिश तेज होने की संभावना है। जिससे फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
दक्षिण भारत में बढ़ेगी तपन
दक्षिण भारत के राज्य जैसे केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में गर्मी बढ़ेगी । तेलंगाना, हैदराबाद, कर्नाटक और तमिलनाडु में भीषण गर्मी के साथ-साथ लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, केरल में 13 मार्च से 15 मार्च के बीच बारिश होने की संभावना है।