Dewas News: देवास पुलिस का कारनामा, 9 युवकों का कराया मुंडन, BJP विधायक ने जताई एसपी से नाराजगी, जांच के दिए आदेश

Update: 2025-03-11 09:11 GMT

देवास पुलिस का कारनामा, 9 युवकों का कराया मुंडन

मध्य प्रदेश। भारत के ICC चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के बाद मध्य प्रदेश के अलग - अलग स्थानों पर खूब जश्न मनाया गया। इस दौरान कहीं दंगे की स्थिति भी हुई और कहीं युवाओं ने इतना सेलिब्रेशन किया कि लॉ एंड आर्डर की समस्या हो गई। ऐसा ही मामला मध्य प्रदेश के देवास से सामने आया है।

यहां सड़क पर युवा भारत की जीत का जश्न मानने में इतना उत्साहित हो गए कि, पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। यह जानकारी सामने आई है कि, पुलिस द्वारा कुछ लड़कों को गिरफ्तार कर उनका मुंडन करा दिया गया। अब इस मामले पर संज्ञान लेते हुए BJP विधायक गायत्री राजे पवार ने नाराजगी जताई है।

दरअसल, रविवार देर रात कुछ युवा सड़क पर भारत की जीत का जश्न मना रहे थे। देवास के सयाजी द्वार के पास पुलिस द्वारा लाठीचार्ज भी किया गया। इस लाठीचार्ज में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। जब इस मामले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया तो संबंधित पुलिस वाले को लाइन अटैच कर दिया गया।

इसके बाद पुलिस ने उन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जिन्होंने सड़क पर हुड़दंग मचाया था। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार किये गए 9 आरोपियों को नंगे पैर कोतवाली से थाने तक मार्च कराया। मार्च करते हुए अधिकांश आरोपियों के सिर मुंडे हुए थे। इसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया जा रहा है।

मंगलवार को 9 आरोपियों के परिजन देवास विधायक गायत्री राजे पवार से मिलने पहुंचे और अपना पक्ष सुनाया। विधायक गायत्री राजे पवार ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने सयाजी द्वार पर हुए हुड़दंग और उसके बाद पुलिस कार्रवाई पर जांच की मांग की। विधायक गायत्री राजे पवार ने यह भी कहा कि, एसपी बताएंगे कि, कैसे वे इस मामले की जांच करेंगे। जिन लड़कों को उठाया गया वे क्रमिनल नहीं थे, वे खुशी मनाने के लिए इकठ्ठा हुए थे। उनके साथ इस तरह का व्यवहार किसी को अच्छा नहीं लगा।

Tags:    

Similar News