अरुणेश झा, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को पंजाब के दौरे पर पहुंचे। वहां उन्होंने लोगों से अपील की कि सब मिलकर पंजाब को नशामुक्त करें और एक कुशल कारीगर की तरह इसे फिर से सभ्य और भव्य प्रदेश के रूप में गढ़ें। सैनी सोमवार को पंजाब के फगवाड़ा में श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में कौन रहा मौजूद
इस मौके पर सांसद अशोक मित्तल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला और सोमप्रकाश मौजूद रहे। शिरोमणि श्री विश्वकर्मा मंदिर कमेटी के प्रधान प्रदीप धीमान, उपप्रधान सुरेंद्र धीमान और गुरमख सिंह नामधारी समेत कई गणमान्य लोग भी पहुंचे।
116 साल पुराने मंदिर में टेका माथा
मुख्यमंत्री ने 116 साल पुराने ऐतिहासिक मंदिर में भगवान श्री विश्वकर्मा के चरणों में शीश नवाया और गोवर्धन पूजा व विश्वकर्मा पूजा की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर समाज की रक्षा की और भगवान विश्वकर्मा ने द्वारका बसाकर उसी समाज को घर दिया। एक ने रक्षा की, दूसरे ने रचना की। रक्षा और रचना, यही भारत की संस्कृति है। सैनी ने मंदिर कमेटी के कल्याणकारी कामों की सराहना भी की।
पीएम विश्वकर्मा योजना और कारीगरों के लिए सहायता
सैनी ने कहा कि गरीब कारीगर के पास बैंक से लोन लेते समय हुनर के सिवा कोई गारंटी नहीं होती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम विश्वकर्मा योजना से उसी हुनर को गारंटी बना दिया। इस योजना में 500 रुपये रोज के भत्ते के साथ प्रशिक्षण मिलता है। साथ ही 15 हजार रुपये तक की टूलकिट और बिना गारंटी 3 लाख रुपये तक का कर्ज सिर्फ 5 प्रतिशत ब्याज पर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना के तहत अपनी ओर से 5 हजार रुपये जोड़े। चार साल का लक्ष्य दो साल में पूरा हो गया और अब तक 30 लाख कारीगर इस योजना से जुड़ चुके हैं।
हरियाणा में स्वास्थ्य, शिक्षा और आरक्षण के काम
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हरियाणा सरकार के सुधार विस्तार से गिनाए। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में गरीब मरीजों की सरकारी अस्पतालों में फ्री डायलिसिस हो रही है। सिलिकोसिस पीड़ित श्रमिकों के लिए पुनर्वास नीति बनाने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य भी बना है। बच्चों की पढ़ाई को देश के भविष्य की नींव बताते हुए सैनी ने कहा कि पिछड़े वर्ग के बच्चों को देश में पढ़ाई के लिए 15 लाख और विदेश में पढ़ाई के लिए 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण देने का प्रावधान किया गया है। लड़कों को यह लोन सिर्फ 4 प्रतिशत ब्याज पर मिलता है, जबकि बेटियों को 3.5 प्रतिशत की दर पर।
काम के दौरान दुर्घटना में श्रमिक की मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। पंचायतों और नगर निकायों में पिछड़ा वर्ग ए को 8 प्रतिशत और पिछड़ा वर्ग बी को 5 प्रतिशत आरक्षण देकर इस समाज को फैसले की कुर्सी तक पहुंचाया गया है। क्रीमी लेयर की सीमा भी 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है।
जो हरियाणा में हो सकता है, वह पंजाब में क्यों नहीं
सैनी ने पंजाब की मौजूदा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पंजाब हमारा बड़ा भाई है। जो हरियाणा में हो सकता है, वह पंजाब में क्यों नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि बिल्कुल हो सकता है, बस नीयत, नीति और जनता के प्रति समर्पण चाहिए। उनका आरोप था कि पंजाब सरकार के मुखिया चुटकुलों से लोगों को बरगलाना चाहते हैं, चुनावी वादे पूरे करना नहीं।
हरियाणा सरकार की लाड़ली योजना, चिरायु योजना और खेल नीति का उदाहरण देते हुए सैनी ने कहा कि अगर पंजाब के लोग आगामी चुनाव में नवसर्जन का संकल्प लें तो 2029 तक प्रदेश को नशामुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भी हालिया पंजाब दौरे में यही बात कही थी।
नशे के खिलाफ सख्ती और युवाओं की चिंता
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। हरियाणा में युवाओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम और दौड़ जैसे आयोजन होते हैं। नशा तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने पंजाब में बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और युवाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए सबको मिलकर प्रयास करना होगा।