CG Panchayat Election: पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान आज, 18 को आएंगे परिणाम
रायपुर, छत्तीसगढ़। नगरीय निकाय चुनाव के बाद अब त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव होंगे। इसके लिए तीन चरणों में मतदान होगा। इसका पहला चरण 17 फरवरी को है। प्रदेश के 33 जिलों के 53 ब्लॉक के ग्राम पंचायतों के लिए 57 लाख 99 हजार 660 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 18 फरवरी को इसके परिणाम भी आ जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, 17 फरवरी को होने वाले पहले चरण के मतदान में प्रदेश के सबसे ज्यादा मतदाता बिलासपुर जिला के मस्तूरी ब्लॉक में 2 लाख 79 हजार 007 हैं। इसके बाद रायपुर के आरंग ब्लॉक की बारी है, जहां 2 लाख 23 हजार 644 मतदाता हैं। इसके बाद मुंगेली जिला के मुंगेली ब्लॉक के एक लाख 88 हजार 496 मतदाता और दुर्ग जिले के दुर्ग ब्लॉक में एक लाख 62 हजार 844 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस तरह से पहले चरण में कुल 57 लाख 99 हजार 660 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 28 लाख 70 हजार 859 पुरुष, 29 लाख 28 हजार 751 महिला और 50 तृतीय लिंग के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा। वहीं बस्तर संभाग में सुबह 6.45 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा।
ये प्रत्याशी चुनावी मैदान में
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनता पंच-सरपंच के अलावा जनपद और जिला पंचायत के लिए अपना जनप्रतिनिधि चुनेगी। तीन चरणों में होने वाले मतदान में जिला पंचायत के 433 पद, जनपद पंचायत के 2973 पद और ग्राम पंचायत (सरपंच) के 11672 पद, पंच के 160180 पद के लिए जनता अपना मत देगी।
बैलेट पेपर पर होंगे मतदान
पंचायतों के लिए मत पत्रों के जरिए वोट डाले जाएंगे। इन मतपत्रों को लेकर रविवार शाम तक पोलिंग पार्टियां निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गई थी।