MP NEWS: दमोह नगर पालिका CMO के चेहरे पर पोती कालिख, चैत्र नवरात्रि 2025 के झंडे हटाने से थी नाराजगी

Damoh Nagar Palika CMO Face Blackened For Removing Religious Flag : दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में नगर पालिका CMO प्रदीप शर्मा का हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मुंह पर कालिख पोती है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने चैत्र नवरात्रि 2025 के झंडे हटाने से नाराजगी जताई है। इसके बाद गुस्साए कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी भी की।
सीएमओ को निलंबित करने की मांग
हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को निलंबित करने की मांग की है। वे कलेक्ट्रेट में इसके लिए ज्ञापन देंगे। उनका कहना है कि हिंदू धर्म के विरोधियों के साथ ऐसा ही व्यवहार किया जाएगा। सीएसपी अभिषेक तिवारी मौके पर हैं, वे सड़क पर बैठे लोगों को समझा रहे हैं।
ये है पूरा मामला
कलेक्टर के अनुसार, नवरात्रि के शुभारंभ पर घंटा घर पर शुक्रवार रात हिंदूवादी संगठन द्वारा ध्वज लगाया जा रहा था। नपा कर्मचारियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका। इस कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। नाराज हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के बंगला पहुंचे और उनके मुंह पर कालिख पोत दी।
मुंह पर कालिख पोतने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने घंटाघर पर जाम लगा दिया और सीएमओ को हटाए जाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना था कि नपा सीएमओ के आदेश पर ऐसा किया गया है। इस मामले में संबंधितों को नोटिस जारी किया गया है। संगठन को भी अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। 10 अप्रैल से पहले जांच पूरी कर वरिष्ठ अफसरों को सौंप देंगे।
हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि, हम कलेक्टर से दो पॉइंट पर बात करने आए थे। पहला कि सीएमओ सामूहिक रूप से माफी मांगे। दूसरा उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
एसपी श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने कहा कि कुछ मिस कम्युनिकेशन हुआ है। मामले में उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाएंगे। जांच करेंगे कि यह घटना क्यों हुई। भविष्य में ऐसा न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। दोनों पक्षों से बात करके इसका समाधान निकाला जाएगा।