रामगोपाल मिश्रा हत्याकांड: बहराइच में मारे गए युवक के परिजनों से मिले सीएम योगी, सख्त एक्शन का दिया आश्वासन

Update: 2024-10-15 07:51 GMT

बहराइच में मारे गए युवक के परिजनों से मिले सीएम योगी

रामगोपाल मिश्रा हत्याकांड : बहराइच घटना के मृतकों के परिवार के सदस्य लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले। सीएम आवास में मुख्यमंत्री के सामने बैठे पिता अपने बेटे की बात बताते हुए रो पड़े। मृतक राम गोपाल मिश्रा के साथ महसी विधायक सुरेश्वर सिंह भी सीएम से मिलने पहुंचे। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इस समय बहराइच के महसी में इंटरनेट सेवा बंद है। पुलिस की टीम लगातर गश्त दे रही है। हरदी थाना क्षेत्र के महसी महाराजगंज बाजार में दुर्गा मूर्ति विसर्जन जुलूस को लेकर रविवार शाम को बवाल हो गया था। डीजे की आवाज को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। फायरिंग हुई और पत्थर भी चले। इसमें गोली लगने से युवक गोपाल मिश्रा की मौत हो गई। इससे शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले में एसपी वृंदा शुक्ला ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को सस्पेंड कर दिया। कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार देर शाम गोपाल मिश्रा का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

शव गांव आते ही फिर भड़की भीड़ : हिंसा में मारे गए गोपाल मिश्रा का शव कड़ी सुरक्षा के बीच परिजनों को सौंपा गया था। शव घर आते ही लोग आक्रोशित हो गए। हिंसा करने वालों को पकड़ने की मांग को लेकर लोग शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते हजारों की भीड़ शव को चारपाई पर रखकर तहसील की ओर निकल पड़ी। भारी संख्या में फोर्स भी उनके पीछे चलती रही लेकिन लोगों का आक्रोश और कई हजार की भीड़ को देख उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाई।

हिंसा के मुख्य आरोपी सलमान समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें 6 को नामजद किया गया है और 4 अज्ञात हैं। पुलिस ने सलमान को गिरफ्तार कर 30 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पूजा कमेटी देर रात तक इस बात पर अड़ी रही कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो, आरोपियों को फांसी देने के नारे देर रात सड़कों पर गूंजते रहे। महराजगंज की घटना के विरोध में पूरे बहराइच में बवाल बढ़ गया है। सोमवार को भी देर रात तक प्रदर्शन और जगह-जगह आगजनी होती रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रमुख सचिव गृह विभाग संजीव गुप्ता और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश मौके पर कैंप कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News