MP Vidhan Sabha Live: बजट सत्र का दूसरा दिन, धान उपार्जन गड़बड़ी के सवाल का मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने दिया जवाब
MP Vidhan Sabha Live
MP Vidhan Sabha Live : भोपाल, मध्य प्रदेश। 10 मार्च से शुरू हुए मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का मंगलवार को दूसरा दिन है। पहले दिन राज्यपाल मंगूभाई पटेल के अभिभाषण हुआ। इस दौरान कांग्रेस ने जमकर प्रदर्शन भी किया।
भाजपा विधायक अजय बिश्नोई के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा - दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जो भी आवशयक कार्रवाई है वह की जा रही है।
MP विधानसभा में मंगलवार को ध्यानाकर्षण के दौरान धान खरीदी में हुई गड़बड़ी का मुद्दा उठाया गया। भाजपा विधायक अजय बिश्नोई ने सरकार से सवाल पूछते हुए कहा - धान उठाने के लिए पर्ची कटती है। ट्रांसपोर्ट का चार्ज काटता है लेकिन धान नहीं उठाया जाता। जिन कर्मचारियों के चलते समितियों ने डिफाल्टर किया उन्हें आज दूसरी खरीदी में लगा दिया गया है। धान खरीदी की जिम्मेदारी स्व - सहायता समूह की महिलाओं को दे देनी चाहिए।
बेरोजगारी के मसले पर भाजपा सरकार को घेरते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार टोकरी में सांप लेकर पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के अन्य विधायक भी मौजूद रहे। उमंग सिंघार ने कहा - सरकार नौकरी के नाम पर सांप की तरह डस रही है। मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए सरकार सांपनाथ बन गई है।
कांग्रेस MLA नितेन्द्र सिंह राठौर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि, राज्यपाल के अभिभाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ के अलावा कुछ समझ नहीं आया।
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बुधवार को सरकार का दूसरा पूर्ण बजट पेश करेंगे, जिसकी अनुमानित राशि 4.25 लाख करोड़ रुपये होगी, जो अब तक का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है। इस बजट को 25 लोगों की टीम ने करीब तीन माह में तैयार किया है। यह वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का सातवां बजट है।
मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन आर्थिक सर्वेक्षण और द्वितीय अनुपूरक बजट पटल पर रखा जाएगा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी, जहां विपक्ष घोटालों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।