मतदाता की महिमा अपरंपार है। पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में होने हैं, पर सत्ता विरोधी भावना की चर्चा के बीच भी सर्वे आम आदमी पार्टी (आप) की बढ़त बता रहे हैं। बेशक, आप का मत प्रतिशत गिर रहा है, पर वह सत्ता के अन्य दावेदारों से अब भी आगे है। यह तब है, जब 31 प्रतिशत मतदाता और 42 प्रतिशत युवा नशे को सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा मानते हैं। सबसे चौंकाने वाला है वर्तमान मुख्यमंत्री भगवंत मान का सबसे ज्यादा पसंदीदा मुख्यमंत्री चेहरा बनना, पर इसमें विपक्ष की भूमिका भी कम नहीं है। विपक्षी दलों की सीमाएं और मुश्किलें भी आप की मददगार साबित हो रही हैं। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस सितंबर तक तो गुटबाजी से ही जूझ रही थी। भाजपा ने सबसे पहले चुनावी जंग का बिगुल बजा दिया, पर वह हवा में ज्यादा और जमीन पर कम नजर आती है। पिता प्रकाश सिंह बादल की राजनीतिक विरासत संभालने की चुनौतियों से जूझते रहे सुखबीर सिंह बादल अब पुराने नेताओं की शिरोमणि अकाली दल में वापसी की मुहिम में जुटे हैं। पंजाब में सत्ता के ये ही चार मुख्य दावेदार हैं। भाजपा की कमान उसके 'चाणक्य' अमित शाह ने संभाली हुई है, जो दो बार पंजाब का दौरा कर चुके हैं।
नशे के चलते अपनों को गंवाने वाले तीन परिवारों से मुलाकात कर शाह ने यह भी साफ कर दिया है कि भाजपा का मुख्य चुनावी मुद्दा नशा ही होगा। हिंदू मतों के ध्रुवीकरण के लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पंजाब में कथा भी करेंगे। पंजाब में नशे की समस्या नई नहीं है, लेकिन समाधान के वादों और दावों के बीच उसका बेलगाम होते जाना आप की भगवंत मान सरकार को कठघरे में खड़ा करता है। इसीलिए भाजपा ही नहीं, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल भी नशे के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार को घेर रहे हैं। भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को प्रदेश प्रभारी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस ने आंतरिक गुटबाजी पर लगभग काबू पा लिया है।
राजा वड़िंग का विरोध कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का 'पंजाब मंगदा इंसाफ' यात्रा पर निकलना कांग्रेस की एकजुटता का भी संकेत है। सुखबीर सिंह बादल भी पुराने बागी नेताओं की घर वापसी से अपने अकाली दल को मजबूत बनाने में जुटे हैं। प्रेम सिंह चंदूमाजरा के बाद अब सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर भी बादल के अकाली दल में लौट आई हैं। भाजपा की उम्मीदें अपने 'चाणक्य' के साथ ही दलबदलुओं पर भी टिकी हुई हैं। आप के सात राज्यसभा सांसदों के बाद तीन विधायक भी कमल थाम चुके हैं। राघव चड्ढा सपना तो केंद्र में मंत्री बनने का देख रहे थे, लेकिन भाजपा ने फिलहाल उन्हें समेत कुछ दलबदलू सांसदों को चुनाव घोषणापत्र और आरोपपत्र समिति में जगह दे दी है। अन्य दलों के नेताओं को भी शामिल करने की यह कोशिश जारी रहेगी, क्योंकि 2022 तक पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के जूनियर पार्टनर के रूप में राजनीति करती रही भाजपा के पास पंजाब में न तो मजबूत संगठन है और न ही बड़ा जनाधार। इसीलिए अकेले दम सभी 117 सीटों पर लड़ने के दावों के बीच ही शिरोमणि अकाली दल से फिर गठबंधन की चर्चाएं भी चल रही हैं।
बेशक, फिर से अकाली-भाजपा गठबंधन से चुनावी समीकरण बदल सकते हैं, लेकिन फिलहाल तमाम चुनौतियों के बावजूद आप की बढ़त और भगवंत मान की लोकप्रियता चौंकाने वाली है। हाल के सर्वे में आप को सबसे ज्यादा 33.5 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि 27.6 प्रतिशत वोटों के साथ कांग्रेस दूसरे स्थान पर है। 14.7 प्रतिशत वोटों के साथ भाजपा तीसरे स्थान पर है, तो 12.5 प्रतिशत वोटों के साथ शिरोमणि अकाली दल चौथे स्थान पर। निर्दलीय लोकसभा सांसद चुने गए अमृतपाल सिंह के दल 'वारिस पंजाब दे' को भी 8.1 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। पिछली बार आप को 42 प्रतिशत से भी ज्यादा वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को लगभग 23 प्रतिशत। जाहिर है, आप के जितने वोट घट रहे हैं, वे सभी मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को नहीं जा रहे। इस सर्वे के मुताबिक तो शिरोमणि अकाली दल का मत प्रतिशत गिर रहा है। पिछली बार उसे 18 प्रतिशत से कुछ ज्यादा मत मिले थे, लेकिन इस बार 12.5 प्रतिशत ही मिलते दिख रहे हैं, जबकि पिछली बार साढ़े छह प्रतिशत वोट पाने वाली भाजपा को 14 प्रतिशत से भी ज्यादा मत मिलने की संभावना है।
मत प्रतिशत के इन आंकड़ों से भी ज्यादा चौंकाने वाले आंकड़े सरकार से संतुष्टि-असंतुष्टि तथा मुख्यमंत्री के रूप में पसंदीदा चेहरे के हैं। 35.9 प्रतिशत लोगों ने मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान को ही इस पद के लिए पसंदीदा चेहरा बताया। यह प्रतिशत आप को मिलने वाले 33.5 प्रतिशत से भी ज्यादा है। इससे पता चलता है कि मान अपनी पार्टी से भी ज्यादा लोकप्रिय हैं। 19 प्रतिशत लोगों ने पूर्व कांग्रेसी मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को अपनी पसंद बताया है, तो सुखबीर सिंह बादल को 14.6 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए पसंदीदा चेहरा बताया है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को पसंद करने वाले भी 10.1 प्रतिशत मतदाता हैं, तो अमृतपाल सिंह को पसंद करने वाले 7.9 प्रतिशत। आप के लिए संतोष की बात यह भी होनी चाहिए कि विधायकों से असंतुष्ट लोगों का प्रतिशत जहां 52.4 है, वहीं सरकार से असंतुष्ट मतदाताओं का प्रतिशत 42.9 ही है। यानी उम्मीदवार बदलकर सत्ता विरोधी भावना कमजोर करने का भाजपाई फॉर्मूला वह भी पंजाब में इस्तेमाल कर सकती है। अभी तक जारी 71 उम्मीदवारों की सूची में आप ने यह फॉर्मूला आजमाया भी है। कुछ विधायकों के टिकट कटे हैं, तो कुछ सांसद भी विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे।
सर्वे से संभावित चुनावी मुद्दों की तस्वीर भी उभरती है। मसलन, 31.1 प्रतिशत मतदाता नशे की समस्या को सबसे बड़ा मुद्दा मानते हैं, जबकि 42.2 प्रतिशत युवा इसे सबसे बड़ा मुद्दा बताते हैं। 23 प्रतिशत लोगों के लिए बेरोजगारी और पलायन बड़ा मुद्दा है, जबकि 17.3 प्रतिशत के लिए कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा। इन मुद्दों के बावजूद सर्वे में आप और भगवंत मान की बढ़त साफ दिखती है, पर क्या अकाली-भाजपा गठबंधन से चुनावी परिदृश्य बदल जाएगा? सर्वे में दोनों दलों को अलग-अलग मिलते दिख रहे मत प्रतिशत को जोड़ दें, तो वह 27.2 प्रतिशत तक ही पहुंच पाता है। गठबंधन इस उम्मीद में भी होगा कि कांग्रेस से इतर सत्ता का एक और विकल्प उभरने पर पंजाब के मतदाताओं का मन शायद बदल जाए।

राज कुमार सिंह
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं।)