Kuno National Park: कूनो नेशनल पार्क में गूंजी चीतों की किलकारी, 'जंगल बुक' में 2 शावकों की दस्तक

Update: 2025-02-04 09:58 GMT

Kuno National Park

Kuno National Park : मध्य प्रदेश। कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट लगातार सफल साबित हो रहा है। मंगलवार को कूनो नेशनल पार्क में चीतों की किलकारी गूंजी है। सीएम मोहन यादव ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि, 'जंगल बुक' में 2 शावकों की दस्तक हुई है।' चीता वीरा ने दो शावकों को जन्म दिया है। इसी के साथ इन दो शावकों सहित मध्यप्रदेश में चीतों की कुल संख्या 26 हो गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, 'नन्हें चीतों की किलकारी से फिर गूंजा कूनो। मध्यप्रदेश की 'जंगल बुक' में 2 चीता शावकों की दस्तक। मुझे यह जानकारी साझा करते हुए अत्यंत आनंद की अनुभूति हो रही है कि मध्यप्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। आज मादा चीता वीरा ने 2 नन्हें शावकों को जन्म दिया है, मध्यप्रदेश की धरती पर चीता शावकों का स्वागत है एवं प्रदेशवासियों को इन नन्हें शावकों के आगमन पर हार्दिक बधाई प्रेषित करता हूं।'

'प्रोजेक्ट से संबंधित सभी अधिकारियों, चिकित्सकों एवं फील्ड स्टाफ को बधाई; जिनके अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप आज मध्यप्रदेश को 'चीतों की धरती' के नाम से भी जाना जाता है। प्रदेश में चीतों का कुनबा निरंतर बढ़ने से प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान मिल रही है जिससे रोजगार के नये द्वार खुल रहे हैं। हम चीतों के साथ ही समस्त वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्स्थापन हेतु सदैव तत्पर हैं।'

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि, बसंत ऋतु की शुरुआत के साथ, कुनो की हवा में अनंत खुशी और उत्साह भर गया है क्योंकि हम कुनो नेशनल पार्क में दो नए चीता शावकों के आगमन का स्वागत करते हैं। दक्षिण अफ्रीका के त्सवालु कालाहारी रिजर्व से लाई गई मादा चीता वीरा, उम्र लगभग 5 वर्ष, ने आज 2 शावकों को जन्म दिया है और हम उनके द्वारा लाई गई आशा और भविष्य का जश्न मनाते हैं।

Tags:    

Similar News