हरदोई के 14वें भाजपा जिलाध्यक्ष बने अजीत सिंह बब्बन: विधायक आशीष सिंह आशू से हुआ अंत तक 'मुचैटा', 1 ब्राह्मण, 1 क्षत्रिय उपाध्यक्ष भी रहे रेस में…

Update: 2025-03-16 14:13 GMT

बृजेश 'कबीर', हरदोई। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पद की बहुप्रतीक्षित घोषणा रविवार दोपहर दो बजे जनपद मुख्यालय पर निर्वाचन अधिकारी संजीव वालिया (पूर्व मेयर सहारनपुर) ने पर्यवेक्षक प्रदेश महामंत्री/एमएलसी सुभाष यदुवंश की उपस्थिति में की। एडहॉक कार्यकाल के पूर्ण कार्यकाल में तब्दील होने की घोषणा होते है, पार्टी मुख्यालय सभागार अजीत सिंह बब्बन की जिंदाबाद से गूंजने लगा।

कार्यकर्ताओं ने होली-दीवाली एक साथ मनानी शुरू कर दी। सभागार में अबीर-गुलाल उड़ने लगा और कार्यालय के बाहर पटाखों की लड़ियां दगने लगीं।

35 मिनट सस्पेंस के बाद बोले वालिया, प्रदेश नेतृत्व ने श्री अजीत ...और हर्षध्वनि में दब गई आगे की बात

भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा जनपद निर्वाचन अधिकारी संजीव वालिया को दो बजे करने थी, पर 35 मिनट सस्पेंस बनाए रखने के बाद हुई। वालिया ने नाम खुलासे की गेंद पर्यवेक्षक/प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश के पाले में खिसकाई, पर उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के पाले में धकेल दी।

अंततः वालिया ने प्रदेश नेतृत्व की मंशा जैसे ही जाहिर की, भाजपा जनपद मुख्यालय में बधाइयां गूंज उठीं। मंच पर मौजूद वालिया, यदुवंश संग मंत्री रजनी तिवारी, जिला परिषद अध्यक्ष प्रेमावती, मिश्रिख सांसद अशोक रावत, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, श्याम प्रकाश, प्रभाष कुमार, एमएलसी अशोक अग्रवाल, अवध क्षेत्र मंत्री संजय गुप्ता, अवध क्षेत्र अनुसूचित मोर्चा महामंत्री पीके वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष राम किशोर गुप्ता गुड्डू, राम बहादुर सिंह, राजीव रंजन मिश्रा, श्री कृष्ण शास्त्री, सदर पालिकाध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर, कछौना नगर पंचायत अध्यक्ष राधा रमण शुक्ला पंकज, गोपामऊ नगर पंचायत चेयरमैन वली मोहम्मद, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा, सत्येंद्र राजपूत एवं ओम वर्मा (संयुक्त मंच संचालक), उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित, संदीप सिंह, संजय सिंह गुड्डू, ब्लॉक प्रमुख संघ प्रदेश अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह सेनानी, जनपद ब्लॉक प्रमुख संघ जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह पन्ने, ब्लॉक प्रमुख रवि प्रकाश, जिला मंत्री अविनाश पाण्डेय, बागीश सिंह, अजय शुक्ला, नीतू चंद्रा, जिला मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आकाश सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता, नगर अध्यक्ष मुदित बाजपेई, उपाध्यक्ष मधु सिंह, अनुराधा मिश्रा, सुहाना जैन, प्रियंका सिंह, शोभना सिंह, बॉबी ओमर, परिशा तिवारी, अविनाश मिश्रा, सौरभ सिंह गौर, अनुराग श्रीवास्तव, अतुल सिंह चाउंपुर, मुकुल सिंह, आशुतोष बाजपेई, मिलन मिश्रा सहित बड़ी तादाद में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त अध्यक्ष को भारी भरकम मालाएं पहना कर अभिनंदन किया।

17 में 5 दावेदारों के नाम क्षेत्र, छंटनी बाद 2 पहुंचे प्रदेश के पटल पर

भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए अजीत सिंह बब्बन, निवर्तमान अध्यक्ष सौरभ मिश्र नीरज, जिला उपाध्यक्ष राजेश अग्निहोत्री, कर्मवीर सिंह चौहान, विनोद राठौर, जिला मंत्री नीतू चंद्रा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष वेदराम राजपूत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष सूरसेन पासी, कार्यकर्ता नीरज शुक्ला, विपिन सिंह गौर, आलोक शुक्ला, अतुल तिवारी, विनोद कुशवाहा, आलोक मिश्रा और नीरज तिवारी ने नामांकन किया था। प्रदेश नेतृत्व ने प्रस्तावक और समर्थक की अनिवार्यता खत्म कर दी थी। इसी से इतने नामांकन हो गए।

जनप्रतिनिधियों, मौजूदा पदाधिकारियों व पूर्व जिलाध्यक्षों ने सहमति बनाने का प्रयास किया। चुनाव अधिकारी और पर्यवेक्षक इस कवायद से दूर रहे। सहमति नहीं बनने पर चुनाव अधिकारी संजीव वालिया ने नामांकन पत्रों का ब्योरा प्रदेश नेतृत्व को सौंपा था। तीन नाम का पैनल नेतृत्व को देना था। मौजूदा अध्यक्ष और निवर्तमान अध्यक्ष का नाम पैनल में अवश्यंभावी था। लेकिन, अवध क्षेत्र के पटल पर पैनल 05 का हो गया। जिला उपाध्यक्ष राजेश अग्निहोत्री, कर्मवीर सिंह चौहान रेस में आ गए।

हालांकि, प्रदेश पटल पर अंत में बब्बन और बिलग्राम-मल्लावां विधायक आशीष सिंह आशू के नाम पहुंचे। बताते हैं, दोनों में अंत समय तक नज़दीकी मुकाबला रहा। राज्य राजधानी से राष्ट्रीय राजधानी पर भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय पर मंथन हुआ। जैसा, मान कर चला जा रहा था, रविवार दोपहर 2.35 बजे जनपद निर्वाचन अधिकारी संजीव वालिया ने वैसी ही घोषणा की। आशू ने आधिकारिक सोशल मीडिया एकाउंट पर बब्बन को बधाई प्रेषित की।

'अनार' के 'बीमार' उपाध्यक्ष दिखे 'तिरोहित'

जिला उपाध्यक्ष राजेश अग्निहोत्री, कर्मवीर सिंह चौहान और विनोद राठौर जिलाध्यक्ष पद के तलबगार थे। अग्निहोत्री और चौहान तो क्षेत्र की रेस तक पहुंचे। लेकिन, जिलाध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा कार्यक्रम में तीनों ही नहीं दिखे। राठौर केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भण्डार अध्यक्ष भी हैं। मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक ने इसकी पुष्टि की। बोले, नजर में तो हमारी भी नहीं आए।

हरदोई आगमन पर पीएम मोदी का स्वागत करते विपिन गौर

दावेदार विपिन सिंह गौर ने खुद को किया भाजपा से 'अलग'

विद्यार्थी परिषद के 'उत्पाद' विपिन सिंह गौर ने भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर बब्बन के नाम की घोषणा की बाद परिषद और भाजपा में योगदान स्मरण कराते हुए पार्टी से अलग हो गए। उन्होंने लिखा, मैंने आज तक जो भी कार्य किया पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ किया, मैंने वह जिम्मेदारी कभी नहीं ली जो मैं निर्वहन न कर सकूं, 1993 से लेकर आज तक मुझे जो काम दिया गया पूरी निष्ठा ईमानदारी से किया, लेकिन विगत 4 वर्षों से पारिवारिक परिस्थितियों के कारण सामाजिक जीवन में पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ जाने के कारण अब किसी राजनीतिक दल की जिम्मेदारी निभाने में अपने आप को असमर्थ पा रहा हूं, एक पार्टी के सच्चे/अच्छे कार्यकर्ता के रूप में आजीवन अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकूं, इसलिए भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता व सभी दायित्व से अपने आप को मुक्त करता हूं ईश्वर मेरी मदद करें...

सोशल मीडिया बधाइयों से अटी

अजीत सिंह बब्बन के भाजपा जिलाध्यक्ष नियुक्त होने की औपचारिक घोषणा से पहले ही सोशल मीडिया पर बधाई तैरने लगे लगे थे। आधिकारिक घोषणा हुई तो बधाई पोस्ट्स की बाढ़ आ गई, व्हाट्स एप ग्रुप्स से लेकर फेसबुक और एक्स पर। हालांकि, कुछ ने फिर जातीय दुर्भावना व्यक्त की है। तमाम पोस्ट्स में नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देने वालों को अपशब्द लिखे हैं। निश्चित ही शुभ संकेत नहीं है ये, जिससे बब्बन को अपने तरह से डील करना होगा। 

Similar News